- एसपी भानु प्रताप सिंह ने की डिजिटल पेट्रोलिंग की जानकारी साझा, अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखने की अपील
खगड़िया : सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी भरे पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ खगड़िया पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसके लिए जिले में सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से डिजिटल पेट्रोलिंग कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और वीडियो की निगरानी की जा रही है। खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री भानु प्रताप सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर यह जानकारी दी।
खगड़िया SP दबकर जारी वीडियो देखें
एसपी ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, गाली-गलौज करने, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वीडियो प्रसारित करने के मामलों का स्वतः संज्ञान ले रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
फेसबुक पोस्ट के दो मामलों में प्राथमिकी
एसपी के अनुसार, पुलिस के संज्ञान में आए मामलों में दो फेसबुक अकाउंट से संबंधित हैं। पहले मामले में ‘रूपेश राज यादव’ नामक फेसबुक अकाउंट से कथित तौर पर गाली-गलौज के साथ एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की धमकी दी गई थी। इस मामले में रूपेश कुमार, पिता सरवण यादव, निवासी आवास बोर्ड, चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दूसरे मामले में ‘सौरभ शूटर’ नामक फेसबुक अकाउंट से हथियार लहराते हुए वीडियो या पोस्ट प्रसारित करने, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया। इस मामले में सौरभ कुमार, पिता मनोज यादव, निवासी आवास बोर्ड, चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र, के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसपी ने बताया कि इन दोनों मामलों में चित्रगुप्त नगर थाना में प्राथमिकी संख्या 114/26 दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री की माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में साइबर थाने में केस
एसपी ने एक अन्य मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि इंस्टाग्राम पर बिहार के मुख्यमंत्री की माता के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र, अपमानजनक और गाली-गलौज वाली टिप्पणी का वीडियो प्रसारित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना में प्राथमिकी संख्या 24/26 दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि वीडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान सौरभ कुमार, पिता भूमि यादव, निवासी लवगांव, वार्ड संख्या 5, थाना गंगौर, जिला खगड़िया, के रूप में की गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
अभिभावक बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर रखें नजर
एसपी भानु प्रताप सिंह ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और यह जानें कि बच्चे किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहे हैं तथा वहां किस तरह की सामग्री पोस्ट या साझा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जाने-अनजाने में हथियारों के साथ तस्वीरें खिंचवाना, आपत्तिजनक पोस्ट डालना या ऐसी सामग्री प्रसारित करना, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो, गंभीर कानूनी परिणामों का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने पर उसका भविष्य भी प्रभावित हो सकता है।
एसपी ने पुलिस सत्यापन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी या निजी क्षेत्र में रोजगार के दौरान आपराधिक इतिहास सामने आने से संबंधित व्यक्ति को परेशानी हो सकती है। इसलिए बच्चों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
डिजिटल पेट्रोलिंग जारी रहेगी
एसपी ने स्पष्ट किया कि खगड़िया पुलिस की डिजिटल पेट्रोलिंग मुहिम लगातार जारी रहेगी। सोशल मीडिया पर कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
एसपी के अनुसार, हाल में सामने आए तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का उद्देश्य सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर रोक लगाना और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।





