पटना : किसान संघर्ष समिति के बैनर तले शुक्रवार को आईएमए हॉल, पटना में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इससे पहले गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष मंजय कुमार ने की, जबकि मंच संचालन एवं विषय प्रवेश समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता किरण देव यादव ने किया। महापंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ज्यूरी टीम एवं किसान प्रतिनिधियों ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सुनिश्चित करने, सस्ती दर पर खाद-बीज एवं सिंचाई उपलब्ध कराने तथा किसानों के कर्ज माफ करने समेत कई मांगें उठाईं।
महापंचायत में राजस्व कर्मचारी एवं अंचलाधिकारी स्तर पर कथित भ्रष्टाचार, किसानों की जमीन हड़पने की कोशिश, भूमि अधिग्रहण में किसानों की सहमति, उचित मुआवजा तथा फसलों की लागत के आधार पर बेहतर मूल्य देने जैसे मुद्दे भी उठाए गए। किसानों ने कुल 17 सूत्री मांगों को प्रमुखता से रखा।
ज्यूरी टीम ने मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को भेजने तथा किसानों की मांगों को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान किया।
महापंचायत में किसानों ने “जय जवान, जय किसान”, “करो या मरो” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों को बुलंद करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जवाहर निराला, अशोक प्रसाद सिंह, राम विनय सिंह, अपर्णा देवी, सिद्धनाथ कुमार, आरती सिंह, सुरेश प्रसाद, जयराम सिंह, वाल्मीकि राय, अधिवक्ता राहुल, अधिवक्ता विकास यादव सहित कई किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान बिंदेश्वरी सिंह, सुशांत कुमार, चिंटू कुमार, ग्राम विनय, नवल किशोर, सतीश प्रसाद, जर्मन यादव, विजय सिंह, अरुण सिंह, सरजू प्रसाद सिंह, राजीव कुमार, तपेश्वर प्रसाद सिंह, उदय कुमार, रामचंद्र सिंह, आशुतोष सहित दर्जनों महिला किसान एवं अन्य किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नवीन कुमार ने स्वागत-अभिनंदन किया तथा सिद्धनाथ कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। महापंचायत में शामिल किसानों को माला पहनाकर क्रांतिकारी अभिनंदन किया गया।





