खगड़िया : अलौली-खगड़िया रेलखंड पर ट्रेन के मौजूदा समय को लेकर यात्रियों में असंतोष है। सोमवार को अलौली रेलवे जंक्शन पर फरकिया मिशन देश बचाओ अभियान के बैनर तले बैठक आयोजित की गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण देव यादव के नेतृत्व में हुई बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं पर चर्चा की गई और रेलवे से परिचालन व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
किरण देव यादव ने कहा कि अलौली से खगड़िया के लिए ट्रेनों का समय यात्रियों की जरूरत के अनुरूप नहीं है। निर्धारित समय पर ट्रेन नहीं चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि ट्रेन को सुबह और शाम के समय चलाया जाए, ताकि नौकरी, व्यवसाय, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए खगड़िया आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने ट्रेन के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लंबे समय तक ठहराव का भी मुद्दा उठाया। उनके अनुसार कामाथान, बिशनपुर तथा कोठिया ढाला-कुतुबपुर के समीप ट्रेन के रुकने से यात्रा का समय बढ़ जाता है। यात्रियों ने रेलखंड की ऑनलाइन समय-सारणी की जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की।
बैठक में अलौली स्टेशन पर शौचालय, पर्याप्त रोशनी और यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठी। साथ ही ट्रेन में पानी की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी की गई।
किरण देव यादव ने कहा कि वर्तमान समय-सारणी और अनिश्चित परिचालन के कारण ट्रेन का लाभ बड़ी संख्या में यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने रेलवे विभाग से तत्काल समय में बदलाव और सुविधाओं में सुधार की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र पहल नहीं हुई तो रेल यात्रियों और फरकिया क्षेत्र के लोगों के साथ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





