अलौली : पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर पर 8 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एवं सांसद राजेश वर्मा के शहरबन्नी आगमन पर अलौली के देवघट्टा चौक पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर मांग पत्र सौंपा जाएगा।
पंच-सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिला अध्यक्ष तथा फरकिया मिशन देश बचाओ अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण देव यादव ने बताया कि अलौली क्षेत्र में रेल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की लंबे समय से आवश्यकता है। इसी को लेकर जनहित से जुड़ी कई मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी जाएंगी।
मांग पत्र में अलौली से खगड़िया के लिए सुबह 6 बजे एवं 9 बजे ट्रेन तथा खगड़िया से अलौली के लिए शाम 6 बजे एवं रात 8 बजे ट्रेन चलाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा अलौली से इंटरसिटी एक्सप्रेस के माध्यम से पटना एवं दिल्ली तक रेल सेवा शुरू करने की मांग की जाएगी।
खगड़िया रेलवे जंक्शन के उत्तरी भाग में अतिरिक्त पटरी एवं प्लेटफार्म निर्माण, अलौली एवं बिथान से कुशेश्वरस्थान तक रेलवे लाइन का निर्माण, कोठिया के समीप रेलवे हॉल्ट बनाने तथा शहरबन्नी रेलवे स्टेशन का नाम स्वर्गीय रामविलास पासवान के नाम पर करने की मांग भी रखी जाएगी।
वहीं, देवघट्टा चौक के समीप करीब 50 एकड़ सरकारी भूमि पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
किरण देव यादव ने कहा कि ये मांगें केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि क्षेत्र की आम जनता से जुड़ी बुनियादी जरूरतें हैं। उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर जनहित के इन मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी आंदोलन में सहयोग और भागीदारी की अपील की।





